मुजफ्फरपुर में बीते दिनों एक आलीशान मकान में हुए डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, रिटायर्ड बैंककर्मी के किरायेदार ने ही पति-पत्नी की हत्या की है. पुलिस के मुताबिक, इस वारदातको अंजाम देने के लिए आरोपी किरायेदार ने पहले मकान को किराये पर लिया और बाद में रिटायर्ड बैंककर्मी और उसकी पत्नी की निर्ममता से हत्या कर दी. फिलहाल, आरोपी फरार है. पुलिस ने आरोपी किरायेदार का फोटो जारी करके उसकी पहचान बताने वाले को इनाम देने की घोषणा की है. साथ ही पहचान बताने वाले का नाम पता गुप्त रखने की बात कही है.
बता दें कि 20 जुलाई को मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग का इलाका इस समय दहल गया था, जब एक रिटायर्ड बैंक अधिकारी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर की निर्मम हत्या कर दी गई थी. डबल मर्डर की इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा गया था. इसके बाद इस डबल मर्डर की मिस्ट्री को सुलझाने के लिए पुलिस ने कई स्तर पर जांच शुरू की. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने खुद इस मामले को गंभीरता लेते हुए एसआईटी का गठन किया है और जांच की कमान सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी सौंपी. पुलिस ने हत्या के बाद घर की जांच की तो दंपत्ति का मोबाइल गायब था. जब पुलिस सीसीटीवी की जांच की तो उस में नए किरायेदार की भूमिका संदिग्ध लगी. वह वारदात से सिर्फ दो दिन पहले ही दंपत्ति के मकान में किराए पर रहने आया था और हत्या के बाद से लापता है.
सबसे अहम बात यह है कि नीलम कुंवर का शव उसी किरायेदार के कमरे से बरामद किया गया था. जब अन्य किरायेदारों से पुलिस ने पूछताछ की गई तो उन्होंने पुलिस को बताया है कि मृतक दंपत्ति उसे ठीक से पहचानते भी नहीं थे. जांच में यह बात सामने आई कि किरायेदार ने दंपत्ति की हत्या करने की नीयत से पहले उसने मकान को किराए पर लिया, फिर घर के हर कोने, सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन और अन्य किरायेदारों के आने-जाने के समय की पूरी जानकारी इकट्ठी की. इसके बाद बेहद सुनियोजित तरीके से इस डबल मर्डर को वारदात को अंजाम दिया. जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी और मृतक दंपति, दोनों के मोबाइल फोन गायब हैं.
इसके बाद पुलिस ने मोबाइल का अंतिम लोकेशन और संदिग्ध की गतिविधियों का पता लगाने के लिए डीआईयू, एसटीएफ और मोबाईल सर्विलांस टीम की मदद ली. पुलिस इस इलाके का टावर डंप डेटा खंगाल रही है, ताकि वारदात के समय सक्रिय मोबाइल नंबरों और संदिग्ध की लोकेशन का पता लगाया जा सके. दूसरी ओर पुलिस उस किराएदार की तलाश में जुट गई है, ताकि इस डबल मर्डर की गुत्थी सुलझ सके. इस डबल मर्डर का जांच कर रहे सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि जांच का कई महत्वपूर्ण बिंदु सामने आए हैं और तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं.
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह सामने आया है जो किराएदार दो दिन पहले रहने आया था, उसकी भूमिका संदिग्ध थी और घटना के दिन से ही वह गायब है. इसके साथ नीलम कुंबर का शव उसी किराएदार के कमरे में मिला था. जांच में यह बात सामने आई है कि दंपत्ति की हत्या करने के लिए ही इस मकान को किराए पर लिया गया था. अब पुलिस की ओर से इस संदिग्ध किरायेदार का फोटो जारी कर दिया गया है. इसके बारे में जानकारी देने वाले को इनाम दिया जायेगा और उनका पहचान गुप्त रखी जाएगी. सीटी एसपी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि किराएदार को रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं, ताकि आपके साथ कोई अनहोनी न हो.
