राजधानी पटना के दानापुर के मनेर थाना क्षेत्र के छिअत्तर गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो गुटों के बीच जमकर रोड़ेबाजी और कई राउंड गोलीबारी हुई, जिसकी कुछ तस्वीरें भी सामने आईं है. ग्रामीणों के अनुसार, घटना में चार लोगों को गोली लगी है, जबकि 5 से 6 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है. सूचना मिलते ही सिटी एसपी पश्चिम संकेत कुमार, डीएसपी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और गांव में कैंप कर रहा है. पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो.
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत चितरंजन और छोटू पक्ष के बीच हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. इस दौरान दोनों ओर से रोड़ेबाजी के साथ गोलीबारी भी हुई. ग्रामीणों के मुताबिक संदीप और रुदल समेत चार लोगों को गोली लगी है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं. सिटी एसपी संकेत कुमार ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे मनेर थाना को छिअत्तर गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच में दो लोगों- चितरंजन और छोटू को गोली लगने की पुष्टि हुई.
उन्होंने बताया कि गांव में पुलिस कैंप कर रही है और स्थिति नियंत्रण में है. विवाद के कारण पर सिटी एसपी ने कहा कि पहले छेड़खानी का एक मामला दर्ज हुआ था, उसी विवाद की पृष्ठभूमि में यह घटना हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
पुलिस ने जहां सिर्फ दो लोगों को गोली लगने की पुष्टि की है. वहीं, ग्रामीणों का दावा है कि गोली लगने वालों की संख्या चार है और कुल पांच से छह लोग घायल हुए हैं. पुलिस सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है. गांव में भारी पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है.
