दरभंगा जिले के बाजितपुर थाना क्षेत्र के जेतुका गांव में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. 38 वर्षीय विवाहिता की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. हमलावर ने इतनी निर्ममता दिखाई कि महिला का सिर धड़ से लगभग अलग हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही बाजितपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए DMCH भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
मृतका की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के मौलवी गांव निवासी विकाउ चौधरी की पुत्री प्रमिला देवी (38) के रूप में हुई है. उनकी शादी करीब 20 वर्ष पहले जेतुका गांव निवासी रामसुफल चौपाल से हुई थी. दंपती के दो पुत्र हैं. बड़ा पुत्र चेन्नई में रहकर मजदूरी करता है, जबकि छोटा पुत्र गांव में ही रहता है. बताया जा रहा है कि मृतका का पति पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और कोई नियमित काम भी नहीं करता था.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी पति आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और उस पर काफी कर्ज था. कुछ दिन पहले मृतका के भाई ने कर्ज चुकाने के लिए 50 हजार रुपये दिए थे. इसके अलावा मृतका ने स्वयं सहायता समूह (ग्रुप लोन) से भी पैसा लिया था. पुलिस आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद और अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना धारदार हसुआ, टेंगारी और एक सफेद शर्ट बरामद की है. शर्ट पर खून के धब्बे और महिला के बाल भी मिले हैं. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं हथियारों से हत्या की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड, FSL और तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया गया. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारण का पता चल सकता है.
