'दोस्त, सीमेंट ले आओ...' बुलावा भेजकर कमरे में मारी गोली, सारण में हैरान करने वाली वारदात

News Ranchi Mail
0

                                               


सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां 31 जुलाई, 2026 दिन शुक्रवार को एक युवक ने अपने ही दोस्त को पिस्टल से गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फौरन कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

छपरा सदर अस्पताल रेफर
घायल युवक की पहचान सिवान जिले के असांव थाना क्षेत्र निवासी अजय सिंह के 21 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार सिंह के रूप में हुई है. सूरज इन दिनों ताजपुर स्थित अपने ममहर में रह रहा था. घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मांझी ले जाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

सीमेंट की बोरी पहुंचाने पहुंचा था घर, वहीं मारी गोली
घायल सूरज कुमार सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि फुलवरिया निवासी उसका दोस्त विकास कुमार सिंह अपने घर में टाइल्स लगवा रहा था. इसी दौरान विकास ने उसे फोन कर अपने घर एक बोरी सीमेंट पहुंचाने को कहा. सूरज सीमेंट लेकर उसके घर पहुंचा. दोनों एक कमरे में बैठे थे, तभी अचानक विकास ने पिस्टल निकाली और उसके दाहिने पैर पर गोली चला दी. गोली पैर को आर-पार करते हुए निकल गई. गोली लगते ही सूरज जमीन पर गिर पड़ा और आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ-2 राज कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की.

आरोपी विकास कुमार सिंह गिरफ्तार
मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. जांच के दौरान आरोपी के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे नशे की हालत में ही हिरासत में लिया गया. पुलिस घायल के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. प्रारंभिक जांच में गोली चलाने के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !