मसौढ़ी के धनौती गांव में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. बुधवार (15 जुलाई, 2026) को एक घर में हुई भीषण चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दो मुख्य आरोपियों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले दो अन्य दुकानदारों को भी धर दबोच लिया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नकद राशि भी बरामद कर ली है.
चोरों ने उठाया मौके का फायदा
मिली जानकारी के अनुसार, धनौती गांव निवासी पीड़ित परिवार किसी आवश्यक कार्य के सिलसिले में अपने घर में ताला लगाकर बाहर गया हुआ था. इसी दौरान मौके का फायदा उठाते हुए बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए. इसके बाद चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषणों और नकद राशि पर हाथ साफ किया और मौके से आसानी से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही मसौढ़ी पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी.
दो दुकानदारों को भी पुलिस ने दबोचा
तकनीकी अनुसंधान की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, मिली जानकारी के अनुसार, कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. बाद में उनकी निशानदेही पर पुलिस ने उन दो दुकानदारों को भी गिरफ्तार कर लिया, जिन्होंने उनसे चोरी के वे जेवरात खरीदे थे. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
