बिहार में जिन महिलाओं के लिए शराबबंदी लागू की गई थी, अब वही महिलाएं शराब के कारोबार में जुटी हुई हैं. मुजफ्फरपुर में महिलाओं द्वारा शराब तस्करी किए जाने का खुलासा उत्पाद विभाग की टीम ने किया है. उत्पाद विभाग ने शराब की तस्करी करते हुए पांच महिलाओं को भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है. अब सवाल यह उठ रहा है कि जिन महिलाओं की मांग पर सरकार ने शराबबंदी लागू की थी, वही महिलाएं इतनी बड़ी संख्या में शराब तस्करी में कैसे शामिल हो गईं. गिरफ्तार महिलाओं ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे यूपी के बलिया से विभिन्न माध्यमों से शराब की खेप लेकर ट्रेन से छपरा जंक्शन पहुंचती थीं और वहां से ऑटो किराए पर लेकर मुजफ्फरपुर आकर शराब बेचने का काम करती थीं.
दरअसल, मुजफ्फरपुर के उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ महिला शराब तस्कर ट्रेन से शराब की खेप लेकर यूपी से चली हैं और छपरा स्टेशन पर उतरने के बाद ऑटो से मुजफ्फरपुर की ओर आ रही हैं. सूचना मिलते ही उत्पाद इंस्पेक्टर ने एक विशेष टीम का गठन किया और टीम के नेतृत्व की जिम्मेदारी ASI नीरज कुमार और ASI रिंकू कुमारी को सौंपी. इसके बाद गठित विशेष टीम सदर थाना क्षेत्र के पताही में छपरा-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर पहुंचकर जाल बिछा दिया.
इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो को जांच के लिए रोका गया. जब ऑटो की तलाशी ली गई तो उसमें बैठी पांचों महिलाओं के पास से विदेशी शराब बरामद हुई. गिरफ्तार महिला तस्कर इतनी शातिर थीं कि जिस ऑटो से वे छपरा से मुजफ्फरपुर पहुंची थीं, उसके चालक को भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि महिलाओं के पर्स और झोलों में शराब रखी हुई है. जांच के दौरान टीम को पर्स और झोलों से शराब की बोतलें मिलीं, जिसके बाद पांचों महिला तस्करों को विदेशी शराब की खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सभी महिलाएं मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर ओपी थाना क्षेत्र के अखाड़ाघाट की रहने वाली हैं और काफी दिनों से यूपी से ट्रेन के जरिए शराब लाकर मुजफ्फरपुर में उसकी बिक्री कर रही थीं.
मामले को लेकर उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ऑटो में बैठी पांच महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से विदेशी शराब बरामद की गई है. गिरफ्तार सभी महिलाएं मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर ओपी थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं. फिलहाल पांचों महिला तस्करों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
