मुजफ्फरपुर में सोमवार की देर शाम हुए डबल मर्डर से मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग इलाके में सनसनी फैल गई. रिटायर्ड बैंक अधिकारी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. इस घटना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया. मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. SSP कांतेश कुमार मिश्र ने मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन किया है और जांच की कमान सिटी SP मोहिबुल्ला अंसारी को सौंपी है.
पुलिस अब दंपत्ति के गायब मोबाइल फोन की तलाश कर रही है, जो इस हत्याकांड का राज खोल सकते हैं. फिलहाल जांच उस नए किरायेदार पर केंद्रित है, जो वारदात से दो दिन पहले ही दंपत्ति के मकान में किराए पर रहने आया था और घटना के बाद से लापता है. सबसे अहम बात यह है कि नीलम कुंवर का शव उसी किरायेदार के कमरे से बरामद हुआ, जिसे उसने किराए पर लिया था. अन्य किरायेदारों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि मृतक दंपत्ति उसे ठीक से पहचानते भी नहीं थे.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्यारे को घर के हर कोने, CCTV कैमरों की लोकेशन और अन्य किरायेदारों के आने-जाने के समय की पूरी जानकारी थी. इसी कारण उसने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद दंपत्ति के दोनों मोबाइल फोन गायब हैं. पुलिस का मानना है कि यही मोबाइल इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकते हैं. जांच के दौरान दोनों मोबाइल शाम करीब 4:30 बजे के बाद से बंद मिले हैं. मोबाइल की अंतिम लोकेशन और संदिग्ध की गतिविधियों का पता लगाने के लिए डीआईयू, एसटीएफ और मोबाइल सर्विलांस टीम जांच में जुटी है. साथ ही पुलिस इलाके का टावर डंप डेटा भी खंगाल रही है, ताकि वारदात के समय सक्रिय मोबाइल नंबरों और संदिग्ध की लोकेशन का पता लगाया जा सके.
सिटी SP मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि मामले की जांच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर की जा रही है और तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस तेजी से काम कर रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा. साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी किरायेदार को रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य कराएं. उन्होंने यह भी कहा कि मुजफ्फरपुर पुलिस जल्द ही किरायेदारों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की वारदातों को रोका जा सके.
