मुजफ्फरपुर में 70 लाख ज्वेलरी लूटकांड का पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, हथियार सप्लायर और लाइनर समेत 5 गिरफ्तार

News Ranchi Mail
0

                                              


 मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर बाजार स्थित आम्रपाली ज्वेलर्स में हथियार के बल पर हुई 70 लाख रुपये की लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने लूट की घटना में हथियार सप्लाई करने वाले, लाइनर की भूमिका निभाने वाले समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें लूट की ज्वेलरी गलाने वाले सोना-चांदी के दुकानदार को भी वैशाली जिले के लालगंज से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस की विशेष टीम ने सभी आरोपियों को वैशाली और मुजफ्फरपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के गले हुए सोने के आभूषण, 50 हजार रुपये मूल्य की चांदी, एक लोडेड देशी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, दो बाइक, एक कार और 26,540 रुपये नकद बरामद किए हैं.

दरअसल, बीते महीने 12 जून को कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर बाजार में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप में घुसकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था. इस दौरान बदमाश करीब 70 लाख रुपये से अधिक की ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए थे. हालांकि, भागने के दौरान स्थानीय लोगों ने एक बदमाश को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीण SP राजेश कुमार सिंह प्रभाकर और SDPO वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने मामले की जांच शुरू की. इसके बाद जांच में धीरे-धीरे एक-एक कड़ी जुड़ती गई और इस घटना में शामिल अपराधियों से लेकर लूट का सोना गलाने वालों तक की गिरफ्तारी हो गई.

ग्रामीण SP राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने बताया कि इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने मिट्टी में छिपाकर रखे गए करीब 33 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, एक देशी पिस्टल और लूट में उपयोग बाइक बरामद की थी. पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ. जांच में पता चला कि पारू के छपरा खास निवासी मिथिलेश कुमार इस लूटकांड का मुख्य लाइनर था, जिसने ज्वेलरी दुकान की रेकी कर लुटेरों को पूरी जानकारी दी और वारदात की योजना तैयार कराई. वहीं वैशाली के लालगंज निवासी अजीत कुमार उर्फ भोला सिंह ने भी लाइनर की भूमिका निभाते हुए अपराधियों को लोकेशन बताई.

वहीं, पारू निवासी जितेंद्र कुमार ने लुटेरों को हथियार उपलब्ध कराए थे. उसके पास से एक देशी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूट का सोना गलाकर बेचने वाले लालगंज के ज्वेलर्स प्रशांत कुमार को गिरफ्तार किया. जांच में यह भी सामने आया कि गलाया गया सोना लालगंज के ही स्टॉकिस्ट मुकेश कुमार को बेचा जाता था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकेश कुमार की दुकान से 33.53 ग्राम सोने के आभूषण, जिसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये है, लगभग 50 हजार रुपये मूल्य की चांदी तथा 26,540 रुपये नकद बरामद किए हैं. ग्रामीण SP ने बताया कि इस लूटकांड में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी और शेष लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !