मधेपुरा जिला के श्रीनगर थाना क्षेत्र की परमानंदपुर में मंगलवार देर रात एक विवाहित महिला के घर युवक के मिलने की सूचना पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया. आक्रोशित लोगों ने युवक को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराया. बुधवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में मंडल कारा, मधेपुरा भेज दिया गया.
आरोपी के खिलाफ एक्शन
गिरफ्तार युवक की पहचान परमानंदपुर पंचायत के वार्ड-10 निवासी सुरेंद्र पासवान (28) के रूप में हुई है. इस मामले में महिला के ससुर देवन शर्मा के फर्द बयान पर श्रीनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है.
ग्रामीणों ने युवक के चेहरे पर कालिख पोत दी
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात युवक महिला के घर पहुंचा था. इसी दौरान महिला के ससुर की नजर उस पर पड़ गई. उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और युवक को पकड़ लिया. बाद में लोगों ने उसके चेहरे पर कालिख पोत दिया और चप्पल जूते का माला पहनाया.
युवक और महिला के बीच लंबे समय से संबंध!
वहीं, डायल-112 की टीम पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण युवक को तत्काल छुड़ाया नहीं जा सका. बाद में श्रीनगर, कुमारखंड, बेलारी और भतनी थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए युवक को सुरक्षित हिरासत में लिया. स्थानीय स्तर पर युवक और महिला के बीच लंबे समय से संबंध होने की चर्चा है. हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है. उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने और किसी भी विवाद या घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है.
