मुंगेर जिला के धरहरा प्रखंड के एक मध्य विद्यालय में 17 जुलाई, 2026 दिन शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 8वीं कक्षा की एक 14 वर्षीय छात्रा ने विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाया. घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, छात्रा के व्यवहार में पिछले कुछ दिनों से आए बदलाव को देखकर परिजनों को संदेह हुआ. पूछताछ के दौरान छात्रा ने ऐसी बातें बताईं, जिसके बाद परिजन स्तब्ध रह गए. इसके बाद परिजन विद्यालय पहुंचे और आरोपी शिक्षक से उलझ गए. इस दौरान मारपीट की भी सूचना है.
मामले की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. बाद में डायल 112 को सूचना दी गई. सूचना पर पहुंची पुलिस छात्रा और आरोपित कंप्यूटर शिक्षक को पूछताछ के लिए थाने ले आयी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना को लेकर विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बताया जाता है कि पीड़ित युवती 8वीं क्लास की छात्रा है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक आशीष कुमार ने विगत दो महीने पहले मेरी पुत्री को बहला- फुसलाकर स्कूल के पुस्तकालय में ले जाकर यौन संबंध बनाया, जिसके बाद कुछ दिनों बाद जब बच्ची को व्यवहार में अंतर आने लगा, तो उससे पूछताछ किया गया. इसके बाद पूरी घटना का खुलासा हुआ.
फिलहाल, धरहरा थाना की पुलिस पीड़ित बच्ची के परिजनों की तरफ से दिए गए आवेदन पर जांच कर रही है. पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
