वैशाली के सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कला पूर्वी में दो दिन पहले चाकू मारकर घायल किए गए युवक जितेंद्र दास की इलाज के दौरान पटना के PMCH में मौत हो गई. जैसे ही उसका शव गांव पहुंचा, सैकड़ों आक्रोशित लोग शव लेकर आरोपी के घर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने पर सदर SDPO भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया.
मृतक जितेंद्र दास टाइल्स लगाने का काम करता था. पुलिस के अनुसार, दिग्घी रेलवे लाइन के पास दो पक्षों के बीच विवाद हो रहा था, जिसे जितेंद्र खड़े होकर देख रहा था. इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने उसे दूसरे पक्ष का समर्थक समझ लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को इलाज के लिए PMCH भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई.
वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस की कहानी पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि रेलवे लाइन के पास अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है. घटना के दिन जितेंद्र काम से घर लौट रहा था, तभी कुछ युवकों ने उससे हेरोइन का नशा करने के लिए पैसे मांगे. पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उस पर कई बार चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
सदर SDPO ने बताया कि मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. फिलहाल सभी आरोपी अपने घर छोड़कर फरार हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा.
