समस्तीपुर के चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर गांव में देर रात अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर चर्चित अपराधी प्रभात चौधरी और उसके साथी बेलसंडी निवासी सन्नी की हत्या कर दी. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही चकमेहसी थाना पुलिस और समस्तीपुर के वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी है.
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रभात चौधरी और सन्नी सुनसान जगह पर मौजूद थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. गोली लगते ही दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि मृतक प्रभात चौधरी पर शराब तस्करी, आर्म्स एक्ट और न्यायालय परिसर में फायरिंग समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे. प्रारंभिक चर्चा के अनुसार, शराब कारोबार में पैसों के लेन-देन और वर्चस्व की लड़ाई इस दोहरे हत्याकांड की वजह हो सकती है. हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.
मृतक प्रभात के पिता संजय कुमार चौधरी ने बताया कि उनका बेटा शाम करीब सात बजे घर से निकला था. उन्हें लगा कि वह गांव में किसी काम से गया है, लेकिन बाद में नामापुर में गोलीबारी की सूचना मिली. उन्होंने आशंका जताई कि प्रभात को घर से बुलाकर उसकी हत्या की गई. उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2023 में न्यायालय में गवाही के दौरान भी प्रभात पर फायरिंग हुई थी, जिसके बाद दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.
