बक्सर नगर थाना पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को होने से पहले ही नाकाम कर दिया. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जिले के मोस्ट वांटेड अपराधी वरुण मिश्रा के घर पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक पिस्तौल, दो देसी कट्टे और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए. मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि उसके भाई के साथ बबली दुबे गैंग के सदस्यों ने मारपीट की थी. इसी का बदला लेने की नीयत से हथियार जुटाए गए थे और गैंग के सदस्यों की हत्या की साजिश रची जा रही थी.
एसडीपीओ गौरव पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि 5 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि शिवपुरी मोहल्ला निवासी वरुण मिश्रा अपने भाइयों के साथ मिलकर किसी आपराधिक घटना की साजिश रच रहा है. सूचना में यह भी बताया गया था कि उसके पास अवैध हथियार मौजूद हैं. इस सूचना पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने शिवपुरी मोहल्ले में स्थित वरुण मिश्रा के घर पर छापेमारी की. घर के अंदर शिवानंद मिश्रा उर्फ पहाड़ी मिश्रा और प्रिंस मिश्रा मौजूद मिले.
पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में शिवानंद मिश्रा उर्फ पहाड़ी मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पुलिस को देखते ही वरुण मिश्रा मौके से फरार हो गया. आरोपी ने बताया कि अपराध को अंजाम देने की पूरी तैयारी कर ली गई थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने छापेमारी कर योजना को विफल कर दिया.
फिलहाल, गिरफ्तार आरोपी से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इस साजिश में कितने अन्य लोग शामिल हैं? पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी.
