केंद्रीय, राज्य की खुफिया एजेंसियों और कटिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान आधारित आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है. कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव से 22 वर्षीय मोहम्मद अहद, पिता- मो. आलम को गुप्त सूचना के आधार पर हिरासत में लिया गया है. पुलिस जांच और जब्त मोबाइल फोन के तकनीकी जांच में यह खुलासा हुआ है कि मोहम्मद अहद पाकिस्तानी आतंकवादी गिरोह के लाइनर के रूप में काम कर रहा था.
पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुनैन से कनेक्शन
वह इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और फेसबुक के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुनैन उर्फ राणा हुसैन के संपर्क में था, जो कुख्यात शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क का प्रमुख हिस्सा है. आरोप है कि अहद चैट और ऑडियो कॉल के माध्यम से देश विरोधी गतिविधियों में शामिल था और संवेदनशील स्थलों की जानकारी और आतंकी सामग्री का आदान-प्रदान कर रहा था. उस पर भारत विरोधी तत्वों को एकजुट करने, सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री का प्रचार-प्रसार करने और लोगों को पाकिस्तान आधारित व्हाट्सएप चैनलों से जोड़ने का भी आरोप है.
आरोपी मोहम्मद अहद को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कटिहार के एसडीपीओ-2 सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया है. हालांकि, जांच के दायरे में आए अन्य लोगों के फोन में कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई. आरोपी मोहम्मद अहद को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोढ़ा थाने में कांड संख्या-229/2026 दर्ज कर लिया गया है.
.jpg)