बेगूसराय में बेखौफ अपराधीओं ने RJD नेता सिकंदर अली को मारी गोली, हालत गंभीर

News Ranchi Mail
0

                                               

 बिहार के बेगूसराय जिले में बढ़ते अपराध के बीच बेखौफ बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. फुलवरिया थाना क्षेत्र में पूर्व जिला परिषद सदस्य और राजद (RJD) के बरौनी नगर परिषद अध्यक्ष मोहम्मद सिकंदर अली को अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

घटना फुलवरिया थाना क्षेत्र के सिंधिया चौक स्थित फल मंडी के पास की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, मोहम्मद सिकंदर अली रोज की तरह बाजार करने के लिए फल मंडी पहुंचे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमले में उन्हें तीन गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े. गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही फुलवरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

वहीं, परिजनों का कहना है कि मोहम्मद सिकंदर अली हमेशा सामाजिक कार्यों से जुड़े रहते थे और इसी कारण उन्हें निशाना बनाया गया. दूसरी ओर, राजद के जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बेगूसराय में अपराधी पूरी तरह बेखौफ हो चुके हैं और अब जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और पुलिस अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !