बिहार में साल 2016 से शराबबंदी कानून लागू है और इसे सख्ती से लागू करने की जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी गई है. अगर वही पुलिस खुद शराब पार्टी करने लगे, तो फिर इस कानून का पालन कौन कराएगा? यह सवाल आज मुजफ्फरपुर के लोग पूछ रहे हैं. दरअसल, यहां मुजफ्फरपुर पुलिस के एक चौकीदार का दोस्तों के साथ शराब पार्टी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है
फिलहाल, जिस होटल में चौकीदार का शराब पीने का वीडियो वायरल हो रहा है, वह होटल रामपुर हरी थाना के सामने का बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति रामपुर हरी थाने में नियुक्त चौकीदार राम विजय कुमार हैं, जो अपने कुछ दोस्तों के साथ थाने के पास स्थित एक होटल में बैठ कर शराब पी रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद अब पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि शराब पी रहे चौकीदार की अपने थाना क्षेत्र के कई शराब माफिया से भी साठगांठ है. हालांकि, इसमें कितनी सच्चाई है? यह तो पुलिस के वरिय अधिकारियों के जांच के बाद ही सामने आ पाएगा.
चौकीदार का अपने दोस्तों के साथ बैठकर शराब पीने का वीडियो वायरल होना, कानून-व्यवस्था को लेकर कई बड़े सवाल खड़ा करता है. बता दें कि यह वही इलाका है, जहां कुछ महीने पहले उत्पाद विभाग की टीम ने भारी मात्रा में नकली शराब बनाने के लिए लाए गए स्प्रिट को बरामद किया था, जबकि इसकी भनक स्थानीय थाना को नहीं हुई थी. अब इस तरह का वीडियो वायरल होने पर लोग पूछ रहे हैं कि जिस चौकीदार पर शराब कारोबारी को पकड़वाने की जिम्मेवारी होती है, जब वही शराब कारोबारी के साथ बैठ कर शराब पिएंगे, तो कैसे शराब कारोबारी पकड़े जाएंगे? अब यह देखना होगा कि क्या चौकीदार के साथ साथ होटल संचालक पर भी कारवाई होती है?
.jpg)