नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है. पुलिस ने जहां एक लूटकांड के आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं साइबर ठगी करने वाले एक शातिर को भी दबोचने में सफलता पाई है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लूट के मामले में ठेरा गांव निवासी शिवम कुमार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उसके पास से लूट की रकम एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी काफी समय से पुलिस की रडार पर था.
दूसरी ओर, साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में गोड़ापर गांव से अविनाश कुमार को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह फाइनेंस कंपनियों के नाम पर लोगों को सस्ते ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था. थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध और साइबर ठगी पर रोक लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा.
उधर, रूपौ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में मुर्गी फार्म खोलने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी के मामले में छह वर्षों से फरार चल रहे आरोपी मुर्शिद अंसारी के घर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मुर्शिद अंसारी के घर पहुंचकर विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत दरवाजा, चौखट समेत अन्य जब्ती योग्य सामान को जब्त किया. कार्रवाई के दौरान गांव में लोगों की भीड़ जुटी रही.
