पश्चिम चंपारण जिला के बेतिया में पुलिस ने शेख असलम हत्याकांड का महज 3 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस नृशंस हत्या के पीछे जो वजह सामने आई है, उसने सभी को हैरान कर दिया है. यह पूरा मामला ऑनर किलिंग का निकला. यहां प्रेम विवाह करने से नाराज लड़की के पिता और भाई ने ही मिलकर शेख असलम की निर्मम हत्या कर दी थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने चाकू, खून लगा जींस और एक बाइक बरामद किया है.
मिली जानकारी के अनुसार, 29 दिसंबर 2025 को शेख असलम का गौनाहा की रहने वाली शाहिद खान की बहन से प्रेम प्रसंग के दौरान संपर्क हुआ. वह उसे लेकर दिल्ली फरार हो गया. दिल्ली में दोनों ने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह कर लिया. शादी के करीब 4 महीने बाद असलम बेतिया लौटा और मनुआपुल थाना क्षेत्र के मेहिंदियाबाड़ी स्थिति अपनी नानी के घर रहने लगा.
बेतिया एसएसपी कुमार गौतम ने बताया कि जैसे ही लड़की के परिजनों को भनक लगी कि असलम बेतिया में रह रहा है, वे उस पर लगातार नजर रखने लगे. बुधवार की देर शाम जब असलम अपने नानी घर लौट रहा था, तभी मनुआपुल थाना अंतर्गत एक स्कूल के समीप सुनसान सड़क पर घात लगाकर बैठे शाहिद खान ने उस पर हमला कर दिया. शाहिद ने चाकू से ताबड़तोड़ गोदकर असलम की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाकर फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही बेतिया एसएसपी कुमार गौतम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया. पुलिस ने छापेमारी करते हुए महज 3 घंटे के भीतर घटना में शामिल लड़की का भाई शाहिद खान और पिता मैनुद्दीन खान, दोनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा. पूछताछ के दौरान आरोपी भाई शाहिद खान ने बताया कि उसकी बहन के प्रेम विवाह करने से समाज में उनकी प्रतिष्ठा का हनन हुआ था. इसी का प्रतिशोध लेने के लिए उसने असलम की हत्या की घटना को अंजाम दिया.
.jpg)