'छोटे भाई को क्यों दे रहे जमीन', समस्तीपुर में हिस्सेदारी के विवाद में बड़े बेटे ने पिता को मार डाला

News Ranchi Mail
0

                                               


                           

समस्तीपुर में जमीनी विवाद में बड़े बेटे पर अपने ही पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है. गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने दो दिनों बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पूरी घटनाक्रम समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के दहियार वार्ड संख्या-7 का है. मृतक की पहचान डोमी पंजियार के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि बड़े बेटे ने कुछ दिन पहले दरभंगा शहर में करीब 15 धुर जमीन बेच दी थी. इस बात की जानकारी परिवार के अन्य लोगों को नहीं थी. जब पिता को जमीन बेचने की जानकारी मिली तो उन्होंने बेटे को फटकार लगाई. इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया.

मृतक के छोटे बेटे सुबोध पंजियार ने बताया कि जमीन बेचने के मामले को लेकर पहले भी विवाद हुआ था. वह अपने पिता को अपने साथ ले आया था, लेकिन 21 जून को बड़ा भाई फिर झगड़ा करने लगा और आरोप लगाया कि पिता उसके हिस्से की जमीन छोटे बेटे के नाम करना चाहते हैं. 

इसी गुस्से में उसने पिता की लाठी छीनकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी. मारपीट में बुजुर्ग का हाथ टूट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए. ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां दो दिनों बाद उनकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !