रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित पार्क प्राइम होटल के पास वाहन जांच अभियान के दौरान एक थार चालक ने पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घायल पुलिसकर्मी की पहचान लालपुर थाना के चालक राजेश यादव के रूप में हुई है, जिन्हें सिर में चोट लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार नियमित वाहन जांच के दौरान आगे का शीशा टूटा होने के कारण थार वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की। इसी दौरान उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी।
घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वाहन व चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। सिटी डीएसपी केवी रमन ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोरहाबादी मैदान के आसपास शराब की कई दुकानें होने के कारण अक्सर लोग वाहन में बैठकर शराब पीते हैं और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे इस क्षेत्र में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं।
