कटिहार के मनिहारी थाना क्षेत्र से एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि केवाईसी और नो-ड्यूज कराने के नाम पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से करीब 4 लाख 84 हजार 912 रुपये लेकर बैंक में जमा नहीं किए गए. अब आरोपी फरार है और पीड़ित न्याय की गुहार लगा रहे हैं.
मामला मनिहारी थाना क्षेत्र के नीमा पंचायत का है. पीड़ित पुसिया देवी, सेहरा खातून, अगना खातून, जयंती देवी, सहीदा खातून, मिठू आलम, चिंटू आलम, विनोद कर्मकार समेत कई लोगों ने एसडीपीओ विनोद कुमार को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
पीड़ितों का आरोप है कि नीमा पंचायत के नया टोला बहादुरपुर निवासी कृष्ण कुमार, पिता शिवकुमार ने समूह की महिलाओं से केवाईसी और नो-ड्यूज कराने के नाम पर 4,84,912 रुपया ले लिया, लेकिन बैंक में राशि जमा करने के बजाय अपने पास रख लिया.
जब महिलाओं ने पैसे की मांग की, तो आरोपी ने स्टांप पेपर पर रकम लौटाने का एग्रीमेंट किया. लेकिन तय समय बीतने के बाद भी पैसा वापस नहीं किया और अब घर छोड़कर फरार हो गया है.
वहीं, एसडीपीओ विनोद कुमार ने बताया कि महिलाओं की ओर से फर्जीवाड़े की शिकायत दी गई है. मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पूरे इलाके में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है.
