चंदवारा गोलीकांड: RJD विधायक ने अस्पताल में घायलों से की मुलाकात, कानून-व्यवस्था पर सम्राट सरकार को घेरा

News Ranchi Mail
0

                                               

बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदवारा गोलीकांड को लेकर अब सियासत तेज हो गई है. मटिहानी से राजद विधायक नरेंद्र उर्फ बोगो सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए. विधायक ने सरकार और पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ितों को सुरक्षा देने की मांग की. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. बता दें कि बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव में पिछले दिनों जमीनी विवाद को लेकर हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में चार लोग गोली लगने से घायल हो गए थे. सभी घायलों का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. 

अब मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के राजद विधायक नरेंद्र उर्फ बोगो सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. घायलों से मिलने के बाद विधायक बोगो सिंह ने घटना की कड़ी निंदा की और बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार एवं पुलिस-प्रशासन पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और आम लोगों में भय का माहौल है. विधायक ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय पर प्रभावी कार्रवाई करती, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था. उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में "महा जंगलराज" जैसी स्थिति बन गई है, जहां दिनदहाड़े गोलीबारी, हत्या और अपहरण जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है.

विधायक ने घटना की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा तथा उचित मुआवजा देने की मांग की. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, प्रशासन की जिम्मेदारी है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि घटना की जांच तेजी से चल रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी नामजद एवं संलिप्त लोगों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !