बिहार के वैशाली जिले में बेखौफ चोरों ने पुलिस और बैंक सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का पूरा ATM उखाड़ लिया. ATM में रखी लाखों रुपये की नकदी लेकर अपराधी फरार हो गए. वारदात के बाद खाली ATM मशीन को दूसरे थाना क्षेत्र में फेंक दिया गया. घटना के बाद पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) और एफएसएल (FSL) की टीम मामले की जांच में जुट गई है.
यह घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के चक सिकंदर बाजार स्थित SBI ATM की है. जानकारी के अनुसार, देर रात अपराधी फिल्मी अंदाज में पहुंचे और मेन रोड पर लगे ATM को जड़ से उखाड़कर अपने साथ ले गए. बताया जा रहा है कि मशीन में लाखों रुपये की नकदी मौजूद थी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
वारदात के बाद अपराधी ATM मशीन को सराय थाना क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में ले गए. वहां मशीन को काटकर उसमें रखी पूरी नकदी निकाल ली और खाली एटीएम को वहीं छोड़कर फरार हो गए. शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने लावारिस हालत में ATM मशीन देखी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
घटना की जानकारी मिलते ही बिदुपुर और सराय थाना पुलिस के साथ FSLऔर SIT की टीम भी जांच में जुट गई. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर बैंक सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस इस वारदात का खुलासा कर अपराधियों को कब तक गिरफ्तार करती है.
.jpg)