बिहार के दरभंगा जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. बहेड़ी थाना क्षेत्र के निमैठी चौक पर गुरुवार रात बेखौफ बदमाशों ने एयरटेल कंपनी के एक कर्मी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल की पहचान संजीव कुमार सिंह के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह काम खत्म कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन पर तबाड़तोड़ फायरिंग कर दी.
गोली लगने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल संजीव कुमार सिंह को तत्काल इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की सूचना फैलते ही इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया.
सुचना मिलते ही ग्रामीण SP साक्षी कुमारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं. हालात को देखते हुए आसपास के पांच थानों की पुलिस भी मौके पर बुलाई गई. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है.
ग्रामीण SP साक्षी कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने अंजाम दिया है. उनकी पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.
