बिहार के सीएम सम्राट चौधरी की चुनौती का प्रदेश के अपराधियों में कोई असर होता नजर नहीं आ रहा है और प्रदेश में अपराधिक घटनाओं में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है. इसी कड़ी में नालंदा से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक बीज व्यापारी के घर पर डकैती की खबर सामने आई है. बेखौफ बदमाशों ने पीड़ित दुकानदार के घर पर कई घंटों तक जमकर तांडव मचाया और करीब 1 करोड़ 15 लाख की डकैती को अंजाम दिया. घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय स्थित वार्ड संख्या-21 की है.
जानकारी के मुताबिक, रविवार (2 अगस्त) की देर रात करीब एक दर्जन हथियारबंद डकैतों ने बीज व्यवसायी राजीव रंजन के घर धावा बोला और करीब 45 लाख रुपये नकद, 70 लाख के सोने-चांदी के गहने और डायमंड के जेवर लूट लिए. डकैतों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर घंटों तांडव मचाया. विरोध करने पर मारपीट की, पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और घर की महिला के साथ बदसलूकी भी की. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पीड़ित परिवार के अनुसार, सभी लोग रात में घर में सो रहे थे. तभी करीब 12 की संख्या में हथियारबंद डकैत छत के रास्ते घर में घुस आए.
पीड़ित परिवार ने बताया कि डकैतों ने सबसे पहले घर के बुजुर्ग को छत पर ले जाकर कब्जे में लिया, जबकि अन्य सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए और उनके मुंह पर टेप चिपका दिया. शोर मचाने पर परिवार के लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और पिस्टल दिखाकर सभी को चुप रहने की धमकी दी गई.इसके बाद डकैतों ने अलमारी और गोदरेज की चाबी लेकर घर में रखे करीब 45 लाख रुपये नकद, 70 लाख के सोने-चांदी के आभूषण, डायमंड के जेवर समेत लाखों की संपत्ति समेट ली. वारदात के दौरान घर की महिला के साथ बदसलूकी भी की गई. लूटपाट के बाद सभी डकैत आराम से मौके से फरार हो गए.
हैरानी की बात यह है कि जिस इलाके में यह बड़ी डकैती हुई, वह काफी व्यस्त इलाका है और दीपनगर थाना महज करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. इसके बावजूद अपराधियों ने पूरी बेखौफी के साथ वारदात को अंजाम दिया, जिससे पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी और दीपनगर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. डॉग स्क्वॉड तथा एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने में लगी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.
