बाढ़ में जहरीली शराब से 4 युवकों की मौत! नॉनवेज पार्टी के बाद बिगड़ी थी तबीयत, ग्रामीणों ने फोरलेन किया जाम

News Ranchi Mail
0

                                                    


 राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से चार युवकों की मौत की खबर सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घटना बेढ़ना गांव के सैदपुर मोहल्ले की बताई जा रही है. घटना से नाराज ग्रामीणों ने बेढ़ना फोरलेन को जाम कर दिया और मामले की जांच की मांग की. जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान विकास, शशि, पंकज और रिशु के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि चारों युवक एनटीपीसी में काम करते थे. वीकेंड पर चारों गांव में एक साथ नॉनवेज पार्टी कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने मछली, रोटी और चावल के साथ शराब का भी सेवन किया था.

शराब पीने के कुछ देर बाद अचानक चारों युवकों की तबीयत बिगड़ने लगी. उनकी हालत गंभीर होते देख परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में सभी को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही चारों युवकों की मौत हो गई.

अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, चारों की तबीयत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन के कारण बिगड़ी थी. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि चारों ने जहरीली शराब का सेवन किया था, जिसके कारण उनकी मौत हुई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने लोगों से सड़क जाम समाप्त करने की अपील की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चारों युवकों ने किस पदार्थ या शराब का सेवन किया था. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !