मोतिहारी में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और प्रशासनिक टीम पर उपद्रवियों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र के खान पिपरा गांव की है. इस हिंसक हमले में पुलिस की दो गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं. मिली जानकारी के अनुसार, फेनहारा थाने की पुलिस और अंचल प्रशासन की टीम खान पिपरा गांव में सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए पहुंची थी. जैसे ही प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद लोग उग्र हो गए.
ग्रामीणों ने अपनी झोपड़ी में खुद लगाई आग
देखते ही देखते आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस टीम को निशाना बनाकर पत्थरबाजी करनी भी शुरू कर दी. यहां तक कि ग्रामीण खुद अपनी झोपड़ी में आग लगा कर पुलिस को बदनाम करने की कोशिश करते दिखे. मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आग को फैलने नहीं दिया. अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति हो गई. उपद्रवियों ने पुलिस के दो वाहनों पर पथराव कर उनके शीशे और अन्य हिस्से को चकनाचूर कर दिया. इस हमले में कई जवानों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा, होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ खान पिपरा गांव पहुंच चुके हैं. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले और सरकारी काम में बाधा डालकर हमला करने वाले उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा. वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. अभी तक पुलिस पर हमला करने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
