नालंदा जिले के तेलमर थाना क्षेत्र स्थित बथानी पर गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आपके भी रौंगटे खड़े हो जाएंगे. यहां एक पिता पर अपने ही चार वर्षीय मासूम बेटे की जमीन पर पटककर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है. मिली जानकारी के अनुसार, मासूम बच्चा पिछले दो-तीन वर्षों से बीमारी और कुपोषण का शिकार था. बताया जा रहा है कि खाना खाते समय बच्चे ने शौच और पेशाब कर दिया था.
पिता ने बेटे को जमीन पर पटका
मिली जानकारी के अनुसार, इस बात से नाराज होकर पिता सुनील मांझी भड़क गया. उसने पहले तो बच्चे को थप्पड़ मारा और फिर गुस्से में उसे जमीन पर पटक दिया. इसके बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई, मासूम को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. आरोप है कि मौत के बाद शव को गांव के बाहर फेंक दिया गया था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया. पुलिस ने आरोपी पिता को अपनी कस्टडी में लिया और उसी के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया.
पहली और दूसरी पत्नी की मौत
आरोपी सुनील मांझी ने अब तक तीन शादियां की हैं, जिनमें से उसकी पहली और दूसरी पत्नी की मौत हो चुकी है. मृतक बच्चा दूसरी पत्नी का था. बताया जा रहा है कि बच्चे की लगातार बीमारी के कारण आरोपी की तीसरी पत्नी भी नाराज रहा करती थी. तेलमर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर मामले की बारीकी से जांच कर रही है. बच्चे की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी.
.jpg)