मुजफ्फरपुर में एक चौकीदार की करतूतों की वजह से बिहार पुलिस को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है. दरअसल, यहां सरैया थाने में तैनात एक चौकीदार खुद ही जुआ का कारोबार चला रहा था. जब इसकी भनक मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधिकारी को मिली तो उन्होंने छापा मारा. पुलिस छापेमारी के दौरान मौके से कई जुआरी धरे गए, लेकिन आरोपी चौकीदार भागने में सफल हो गया. पुलिस ने आरोपी चौकीदार की बाइक को मौके से जब्त कर लिया है. आरोपी चौकीदार का नाम नवल राय बताया जा रहा है.
सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने अब आरोपी चौकीदार के ऊपर निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी है. सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि सरैया थाना में तैनात एक चौकीदार बसन्तपुर पट्टी में अवैध रूप से जुआ का अड्डा चलवा रहा है. उन्होंने मामले की जांच कराई तो आरोप सही पाए गए. इसके बाद उन्होंने जुआ के अड्डे पर छापेमारी की, तो मौके से 7 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया. हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी चौकीदार अपनी बाइक छोड़ कर मौके से भाग गया.
पुलिस ने उसकी बाइक को जब्त कर लिया है. अब आरोपी चौकीदार के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस छापेमारी के दौरान मौके से चौकीदार की बाइक के साथ 7 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद हुईं. इसके अलावा 29 हजार रुपये नगद, 7 मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए गए. छापेमारी के दौरान सरैया के ही रहने वाले नंदलाल सहनी, उमेश राय,रणधीर कुमार, गोविंद कुमार,चुन्नू राम और पारू थाना क्षेत्र के रहने वाले गुंजेश कुमार और उमाशंकर सहनी को गिरफ्तार किया गया है.
