वैशाली में बेखौफ बदमाशों ने देर रात गांव के मुखिया के बेटे की एम्बुलेंस को घेर लिया, बंदूक की नोक पर 65,000 रुपए लूट लिए और गाड़ी की खिड़कियां तोड़कर उसे नुकसान पहुंचाया. बदमाश इतने पर ही नहीं रुके, जान बचाने के लिए भाग रहे मुखिया के बेटे प्रणव कुमार का उनके घर तक पीछा भी किया. मिली जानकारी के अनुसार, घटना बेलसर थाना क्षेत्र के बेलसर गांव की है. पीड़ित मुखिया के बेटे ने बताया कि वह अपनी दुकान बंद कर अपने एम्बुलेंस से घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में तीन बाइक पर सवार 6 बदमाशों ने घेर लिया और गाली गलौज करते हुए पहले एम्बुलेंस का शीशा तोड़ दिया. फिर हथियार दिखा कर डराया-धमकाया और 65 हजार रुपए लूट लिए.
बेलसर पंचायत के मुखिया मुकेश गुप्ता के पुत्र प्रणव ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई. प्रणव ने बताया कि अपराधियों ने बहुत दूर तक उसका पीछा और घर तक पहुंचने की कोशिश की. इस घटना के बाद से मुखिया का पूरा परिवार डरा हुआ है. एक बार फिर पुलिस की गश्ती और पुलिस की कार्रवाई पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
कटिहार में भी चेन स्नेचिंग
वहीं, कटिहार में सड़क पर टहलना एक शख्स को भारी पड़ गया. बाइक सवार दो बदमाश पलक झपकते ही उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए . घटना नगर थाना क्षेत्र के जी शॉप फैक्ट्री के पास की है. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मिली जानकारी के अनुसार, बिनोदपुर निवासी उज्ज्वल कुमार बंधु अपनी पत्नी के साथ सड़क पर टहल रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे. दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी. बाइक सवार बदमाशों ने मौका मिलते ही उज्ज्वल कुमार बंधु के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन खींच ली.
इससे पहले कि उज्ज्वल और उनकी पत्नी कुछ समझ ही पाते, बदमाश बाइक से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने आसपास बदमाशों की तलाशी ली, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. चेन स्नेचिंग की इस वारदात के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि बाइक सवार दोनों बदमाशों की पहचान की जा सके.
