बगहा में पूर्व प्रखंड प्रमुख छोटेलाल यादव का संदिग्ध हालत में शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

News Ranchi Mail
0

                                                  


 बगहा के भितहा थाना क्षेत्र स्थित दियारा इलाके में नाला किनारे पूर्व प्रखंड प्रमुख छोटेलाल यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पानी में तैरते शव की पहचान भितहा प्रखंड के पूर्व प्रमुख और मुड़ाडीह गांव के वार्ड संख्या-10 निवासी छोटेलाल यादव के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस ने प्रेमहि गांव के दियारा क्षेत्र में नदी किनारे से शव बरामद किया.

बताया जा रहा है कि छोटेलाल यादव पूर्व दस्यु सरगना और चंपारण में जंगल राज के प्रणेता माने जाने वाले कुख्यात बासुदेव यादव उर्फ तिवारी के पुत्र थे. वहीं, वह सेमरबारी पंचायत के वर्तमान मुखिया रामाधार यादव के भाई भी थे. शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद परिजनों ने संपत्ति विवाद को लेकर पट्टीदारों पर हत्या की आशंका जताई है. मृतक की बेटी नीलम यादव ने सगे संबंधियों पर हत्या कर शव पानी में फेंकने का आरोप लगाया है.

घटना की सूचना मिलते ही भितहा थानाध्यक्ष नरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की पहचान छोटेलाल यादव के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

बता दें कि छोटेलाल यादव 13 अगस्त 2008 से 28 जून 2011 तक भितहा प्रखंड के प्रमुख रहे थे. परिजनों के अनुसार, मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं और शव अर्धनग्न अवस्था में था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उनकी मौत हत्या है या कोई अन्य कारण. मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !