बिहार के सिवान अपराधियों ने दिनदहाड़े एक फाइनेंसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना तरवारा थाना क्षेत्र के तरवारा बाजार की है. मृतक की पहचान जलालपुर निवासी अखिलेश्वर सिंह के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार सैलून से दाढ़ी बनवाकर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से नीतीश गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन उन्हें सिवान सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
इस वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई. पुलिस अभी हत्या के कारणों की जांच की जा रही है.
वहीं दुसरी ओर नवादा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खालसा ढिवरी गांव में करीब 62 वर्षीय टुनटुन यादव की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है. सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव के एक घर से बुजुर्ग का शव बरामद किया. मृतक के सिर में गोली लगी थी, जो अंदर ही फंसी हुई थी. शव से दुर्गंध आने के कारण पुलिस करीब 24 घंटे पहले हत्या किए जाने की आशंका जता रही है. ASI मोहन कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची, जहां मृत अवस्था में शव बरामद किया गया. हत्या के कारणों की जांच की जा रही है.
बताया जा रहा है कि शव को दफनाने और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस को इसकी सूचना मिल गई. मृतक की बहू ने जमीन विवाद को लेकर उसके बड़े बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है. हालांकि, घटना के समय बेटा मौके पर मौजूद नहीं था. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. दोनों घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हुई है.
