नवादा शहर के प्रजातंत्र चौक के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में वर्दी पहने एक महिला सिपाही के साथ दो युवकों की ओर से कथित रूप से अभद्र व्यवहार और हंगामा करते हुए देखा जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक नशे की हालत में थे और महिला सिपाही से उलझ गए. वीडियो में महिला सिपाही उन्हें डांटते हुए यह कहती सुनाई दे रही है कि तुम मर्दों से जाकर लड़ो, महिला पर क्यों आ रहे हो? इसके बावजूद दोनों युवक मौके पर हंगामा करते रहे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर अपने साथ थाने ले गई.
पुलिस की ओर से दोनों की शराब के नशे की जांच कराई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित महिला सिपाही नवादा में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जानी जाती हैं और उन्हें जिला प्रशासन की ओर से कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है. वहीं, इस तरह का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बिहार में लागू शराबबंदी कानून को लेकर बहस तेज हो गई है. कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि यदि शराबबंदी प्रभावी है तो सार्वजनिक स्थानों पर नशे की हालत में लोग कैसे पहुंच रहे हैं.
लोगों ने महिला सिपाही के साथ हुई घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. बता दें कि ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. इससे पहले मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में एक ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही एक महिला सिपाही को बदमाशों ने सुनसान रास्ते में घेर लिया था. बदमाशों ने ना सिर्फ महिला सिपाही के साथ छेड़खानी थी, बल्कि मारपीट और गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया था.
