पूर्णिया में 1.22 करोड़ का गांजा बरामद, दो वाहनों से 246 किलो खेप जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार

News Ranchi Mail
0

                                                  


पूर्णिया में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग मंडी गेट नंबर-2 के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो वाहनों से 246 किलो गांजा बरामद किया है. बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई वाहन जांच के दौरान की गई, जब पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली.

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 अभिनव पराशर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गुलाबबाग मंडी गेट नंबर-2 के पास वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने वाहनों में सवार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.

पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पता चला कि गांजे की यह खेप अररिया जिले के फारबिसगंज से कटिहार के कुर्सेला पहुंचाई जानी थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और कुर्सेला में इसे किसे सौंपा जाना था. मामले में पुलिस ने सोनू कुमार, अनंत कुमार, मोहम्मद खुर्शीद और अवधेश मंडल के नाम बताए हैं. पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अब पुलिस इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के साथ ही गांजा सप्लाई के रूट की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है. बरामद गांजे की बड़ी मात्रा को देखते हुए पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !