सुपौल में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक घर में मिट्टी के नीचे दबाकर रखे गए करोड़ों के चोरी के आभूषणों को पुलिस ने बरामद किया है, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. यह मामला प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुखानगर का है. बताया गया है कि दिल्ली से चोरी कर एक शातिर चोर नकदी समेत करोड़ों के सोने और हीरे के जेवरात अपने ससुराल में मिट्टी के नीचे छुपाकर रखा था, जिसे दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बरामद कर लिया है.
दरअसल, बीती देर रात दिल्ली पुलिस ने प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुखानगर स्थित एक घर से चोरी के 4 लाख 34 हजार 650 रुपये नकद और सोने व हीरे के 115 आइटम के जेवरात बरामद किए हैं. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपी के ससुर सह गृहस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, चोरी की इस घटना का मुख्य आरोपी अनिल कामत भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश की जा रही है.
घटना को लेकर दिल्ली पुलिस ने बताया कि दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र निवासी अनिल कुमार गुप्ता और अनुज कुमार गुप्ता के घर में पिछले 5 सितंबर को चोरी की घटना घटी थी. बताया गया कि दोनों भाई काम के सिलसिले में कहीं बाहर गए थे और घर सूना था. बताया गया कि उनके घर में सुपौल जिले के मरोना निवासी अनिल कामत और एक अन्य व्यक्ति नौकरी करते थे. घर सूना देख दोनों घर में रखे करोड़ों के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए.
चोरी होने के बाद दिल्ली निवासी पीड़ित व्यक्ति ने दिल्ली के तिमारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए दोनों शातिर चोरों की तलाश शुरू की और चोरी की इस घटना में संलिप्त सुपौल जिले के मरोना थाना क्षेत्र निवासी अनिल कामत और उसके एक साथी की खोजबीन में जुट गई.
बताया गया कि चोरी की घटना में संलिप्त अनिल कामत के एक साथी को दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में ही गिरफ्तार कर लिया. वहीं, दूसरे आरोपी अनिल कामत की तलाश में दिल्ली पुलिस सुपौल पहुंची. बताया गया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस शनिवार को अनिल कामत की तलाश में प्रतापगंज पहुंची. जांच में पता चला कि अनिल कामत का ससुराल सुखानगर पंचायत में है.
दिल्ली पुलिस ने प्रतापगंज थानाध्यक्ष रौशन कुमार के साथ प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुखानगर गांव पहुंचकर आरोपी अनिल कामत के ससुराल की तलाशी ली. जानकारी मिली है कि पुलिस को देखते ही आरोपी अनिल कामत मौके से फरार होने में कामयाब रहा. इसके बाद पुलिस टीम ने उसके घर की तलाशी शुरू की, तो पहले भुसौला (भूसा रखने वाला घर) में छिपाकर रखे गए 4 लाख 34 हजार 650 रुपये नकद बरामद हुए.
इसके बाद घर के सदस्यों से पूछताछ में जेवरात जमीन में गाड़कर छिपाने की जानकारी मिली. पुलिस ने बताए गए स्थान पर खुदाई कर जेवरात से भरा बैग बरामद किया, जिसमें पुलिस ने एक बैग में छिपाकर रखे गए चोरी के सोने और हीरे के 115 प्रकार के आभूषण बरामद किए हैं. इस मामले की जानकारी मिलने के बाद वीरपुर SDPO पवन कुमार भी प्रतापगंज थाना पहुंचे.
वीरपुर के SDPO पवन कुमार ने बताया कि दिल्ली से चोरी हुए आभूषण और नकदी को बरामद किया गया है. आभूषण और नकदी की बरामदगी की पुष्टि करते हुए उन्होंने बताया कि आरोपी अनिल कामत मरोना का रहने वाला है. उसने दिल्ली में चोरी के बाद करोड़ों के जेवरात और नकदी को अपने ससुराल में छिपाकर रखा था. दिल्ली पुलिस की टीम सुखानगर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से सोने और हीरे के जेवरात को बरामद किया है. साथ ही 4 लाख 34 हजार 650 रुपये भी नकद बरामद किए गए हैं. बताया गया कि बरामद आभूषणों का मूल्य करोड़ों में है. पुलिस ने फिलहाल आरोपी के ससुर सह गृहस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
.jpg)