वैशाली में 35 बदमाशों ने होटल पर की अंधाधुंध फायरिंग, नालंदा में पति ने पत्नी को मारी गोली

News Ranchi Mail
0

                                                 


बिहार में इन दिनों अपराधियों के हौसले काफी बढ़े हुए नजर आ रहे हैं. ताजा मामला वैशाली जिले से सामने आया है. यहां लालगंज में करीब 30 से 35 बदमाशों ने लाइन होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक, मामूली विवाद से इस घटनाक्रम को अंजाम दिया गया है. बताया जा रहा है कि गुरुवार (17 सितंबर) की रात को एक स्कॉर्पियो से 4-5 लोग होटल पहुंचे थे. किसी बात को लेकर उनका होटल में खाना खा रहे ग्राहकों के साथ विवाद हो गया. होटल संचालक राजा सिंह ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन फिर 20 मिनट बाद 30-35 बदमाशों के साथ लौटकर अंधाधुंध फायरिंग की. गोली लगने से एक ग्राहक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना लालगंज थाना क्षेत्र के बेदौली चौक स्थित विनोद सिंह लाइन होटल की है.

एक युवक को लगी गोली, इलाज जारी

आरोप है कि 20 मिनट बाद 30-35 की संख्या में बदमाश दोबारा होटल पर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई फायरिंग से होटल में भगदड़ मच गई. इस दौरान जफराबाद निवासी बलराम राय के बेटे वैदिक कुमार को गोली लग गई. उसे पहले लालगंज रेफरल और फिर सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया. होटल संचालक का आरोप है कि बदमाशों ने कुसदे पोखर ले जाकर उससे विवाद वाले ग्राहक का नाम बताने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी. सूचना पर एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है.

नालंदाः पति ने पत्नी को मारी गोली

दूसरी ओर, नालंदा के कल्याण बीघा थाना क्षेत्र के कोलावां गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोप है कि घरेलू विवाद में पति मन्नू कुमार उर्फ लड्डू ने अपनी पत्नी कांति देवी के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों ने बताया कि घर के बंटवारे के बाद से ही मकान बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था. पत्नी पहले घर बनाने की बात कह रही थी, जबकि पति पहले मोटरसाइकिल खरीदने की जिद पर अड़ा था. इसी बात को लेकर देर रात दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पति मन्नू कुमार उर्फ लड्डू ने पत्नी कांति देवी को गोली मार दी.


पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया

परिजनों ने दावा किया है कि कांति देवी ने खुद ही गोली मार कर आत्महत्या की है. वहीं, घटना के बाद मृतका के पैर की पांचों उंगलियों के नाखून गायब मिलने की बात भी सामने आई है. परिजनों ने आशंका जताई है कि गोली मारने के बाद शव को घसीटा गया होगा. फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. कल्याण बीघा थानाध्यक्ष निशा भारती ने बताया कि मकान निर्माण को लेकर विवाद में पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है. घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !