बिहार के नवादा जिले में पूर्ण शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखा रहे शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. रजौली स्थित समेकित जांच चौकी पर हुई सघन वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक सफेद रंग की हुंडई वरना कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. कार की तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की कुल 236.16 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार में कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है.
कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से तीन शराब तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिसुआ थाना क्षेत्र के फूलवरिया गांव निवासी सन्नी कुमार, सानू कुमार और नवलेश कुमार के रूप में हुई है. तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शराब की खेप झारखंड के कोडरमा से लेकर आ रहे थे. इस शराब को नवादा और नालंदा जिले के विभिन्न इलाकों में खपाने की तैयारी थी. हालांकि, इससे पहले ही रजौली जांच चौकी पर वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने उन्हें पकड़ लिया.
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त शराब और हुंडई वरना कार को सीज कर लिया गया है. तीनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. त्योहारों को देखते हुए झारखंड-बिहार सीमा समेत जिले के प्रमुख मार्गों पर निगरानी और वाहन जांच को और सख्त कर दिया गया है.
