मधुबनी से दिल दहलाने वाली घटना सामने है, जहां आपसी विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी की हत्या कर दी. घटना फुलपरास थाना के कोनार गांव की है. बताया जा रहा है पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था. विवाद भयानक रूप ले लिया और पति पप्पू यादव ने कुल्हाड़ी से पत्नी का गला काटकर मौत के घाट उतार दिया.
पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई
मृतिका की पहचान 35 वर्षीय परमिला देवी के तौर पर हुई है. वह मिथिला हाट में मजदूरी कर अपने तीन बच्चों का भरण पोषण कर रही थी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है.
पुलिस ने हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद हो गया है. एफएसएल टीम जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाया जा रहा है.
आरोपी को कड़ी सजा की मांग कर रहे लोग
उन्होंने बताया कि पत्नी की हत्या के आरोपी पति को स्पीडी ट्रायल के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी. बहरहाल, महिला की मौत और पति के गिरफ्तार हो जाने से 3 बच्चे पूरी तरह से अनाथ हो गए हैं. ऐसे में लोग मुआवजे की मांग और आरोपी को कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं.
रंगदारी और लूट का विरोध करने पर व्यवसायी को मारी गई थी गोली
8 अगस्त, 2026 को मधुबनी में अपराधियों ने व्यवसायी गुड्डू महतो को गोली मार दी थी. यह घटना जयनगर थाना क्षेत्र के बाजार में हुई थी. किराने का सामान बेचने वाले व्यवसायी अपनी दुकान बंद करके मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने लूट के इरादे से उन्हें रोका और गोली मार दी थी. हमलावरों ने नकाब पहन रखा था. गोली लगने के बाद व्यवसायी अपनी मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए थे.
.jpg)