नालंदा में 25 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है. युवक का शव नहर से बरामद हुआ है. सिर पर गंभीर चोट और शरीर पर जख्म के निशान मिले हैं. मृतक की पहचान करायपरसुराय थाना क्षेत्र के गोवाल बिगहा निवासी शिवम के रूप में हुई है. परिजनों ने प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताते हुए प्रेमिका के पिता और भाई पर आरोप लगाया है.
राढ़ील छिलका और खड्डी लोदीपुर गांव के बीच की घटना
बताया जा रहा है कि शिवम 14 सितंबर, 2026 से घर से लापता था. परिजनों के मुताबिक, प्रेमिका के भाई ने पहले परिवार से बातचीत कर मामले को मैनेज करने की बात कही थी. घटना राढ़ील छिलका और खड्डी लोदीपुर गांव के बीच की बताई जा रही है.
मोबाइल के सिम के जरिए मृतक की हुई पहचान
डीएसपी रामदुलार प्रसाद की ओर से शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक, मोबाइल के सिम के जरिए मृतक की पहचान हुई. परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, एफएसएल की टीम कई साक्ष्य को जुटा रही है, ताकि मामले पर से पर्दा हट सके.
नवादा पुलिसा का बड़ा खुलासा, 24 घंटे में किडनैप शख्स को बचाया
दूसरी तरफ नवादा के रजौली थाना क्षेत्र के सिमरकोल गांव में 80 लाख रुपये की फिरौती के लिए हुए अपहरण कांड का नवादा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने न सिर्फ अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया, बल्कि घटना में शामिल एक मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है.
झारखंड के कोडरमा जिला से बरामद किया गया शख्स
एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि शख्स का अपहरण 80 लाख की फिरौती के लिए किया गया था. उन्होंने बताया कि अगवा व्यक्ति को झारखंड के कोडरमा जिला से बरामद किया गया है. साथ ही एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है. 16 सितम्बर 2026 को रजौली थाना क्षेत्र के सिमरकोल के पास से कुछ अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया था. अपहरण के बाद अपराधियों ने परिजनों को फोन कर 80 लाख रुपये की फिरौती की मांग की और पैसे नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी.
