बेगूसराय में रील बनाने का खुमार: हाथ में हथियार लहराते युवक का वीडियो वायरल, मचा हड़कंप

News Ranchi Mail
0

                                              


सोशल मीडिया पर रोजाना कोई-न-कोई वीडिया वायरल होते हैं, जिसमें लोग कुछ अजीबोगरीब हरकर या फिर अपनी धमक दिखा रहे होते हैं. इसी क्रम में बेगूसराय से भी सोशल मीडिया पर रील बनाने और धौंस जमाने के लिए हथियार लहराने का सिलसिला कम होता नहीं दिख रहा है. एक बार फिर, सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह हाथ में हथियार लेकर भोजपुरी गाने पर रील बना रहा है. बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र का है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक हाथ में हथियार लिए भोजपुरी गाने पर वीडियो बना रहा है.

वायरल वीडियो की जांच का आदेश
मिली जानकारी के अनुसार, एक युवक ने बेखौफ होकर हथियार लहराते हुए सोशल मीडिया पर रील बनाई और बाद में वह वीडियो वायरल हो गया. वहीं, इस वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. इस मामले को लेकर मुख्यालय  DSP निखिल कुमार ने बताया कि साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक भोजपुरी गाने की धुन पर हथियार के साथ रील बनाता दिख रहा है. उन्होंने कहा कि स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) को वीडियो की जांच करने का निर्देश दिया गया है.

हथियार लहराते हुए वीडियो पर लोगों में चिंता
DSP के अनुसार, अगर वीडियो में दिख रहे हथियार और युवक की पहचान हो जाती है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस युवक को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी भी कर रही है. सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो के बार-बार सामने आने से स्थानीय लोगों में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है. अब देखना होगा कि पुलिस वायरल वीडियो में नजर आ रहे युवक तक कब पहुंचती है और उसपर क्या कार्रवाई करती है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !