वैशाली में बमबारी से पूरे इलाके में दहशत, छपरा में युवक की हत्या से हड़कंप

News Ranchi Mail
0

                                                    


वैशाली के कटहरा थाना क्षेत्र के करहटिया बुजुर्ग गांव में सोमवार (21 सितंबर) की रात को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुछ बदमाशों ने एक घर पर बमबारी शुरू कर दी. देर रात बम के धमाकों से पूरा इलाका धर्रा उठा. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि करहटिया बुजुर्ग गांव निवासी रामनाथ राय के घर पर सोमवार की रात को बदमाशों ने बम से जानलेवा हमला किया. घटना के वक्त पूरा परिवार घर में ही सो रहा था. गनीमत रही कि पूरा परिवार सही सलामत बच गया. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने दो बम फेंके थे. एक बम दुकान पर फटा जिससे आग लग गई और सामान जल गया, जबकि दूसरा बम घर के बाहर सो रहे परिवार के पास फेंका गया जो फटा नहीं. 

जीविका दीदी के सीएम से हुआ था विवाद

पुलिस ने मौके से जिंदा बम बरामद किया, जिसे बाद में निष्क्रिय कर दिया गया. दुकान में बिखरे बम के मलबे को जब्त कर लिया गया है. सूचना मिलते ही गश्ती दल में तैनात सब इंस्पेक्टर सुमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बाद में फोरेंसिक टीम और महुआ अंचल निरीक्षक रणवीर कुमार झा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की. पीड़ित रामनाथ राय ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि घटना से पहले जीविका दीदी के सीएम से कुछ बिंदुओं को लेकर उनके परिवार की महिलाओं से विवाद हुआ था. इसी बात को लेकर जीविका दीदी के परिवार के प्रशांत कुमार समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी थी. आरोप है कि जान मारने की नियत से सोते अवस्था में बम से हमला किया गया.

छपरा में युवक की हत्या से सनसनी मची

वहीं, सारण जिले के छपरा नगर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन स्थित हवाई अड्डा परिसर में सोमवार की रात एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई. घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो युवक हवाई अड्डा परिसर में घूम रहे थे. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और मोबाइल छीनने का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि मोबाइल छीनने का विरोध करने पर अपराधियों ने दोनों युवकों पर ईंट-पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद उसका साथी डर के कारण वहां से भाग गया. मृतक और उसका साथी मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. 

पुलिस ने मृतक के साथी को हिरासत में लिया

दोनों छपरा के गांधी चौक स्थित एक मिठाई की दुकान में मजदूरी करते थे. घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने मृतक के साथी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. वहीं, मिठाई दुकान के संचालक ने थाने में आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के साथ ही अपराधियों की पहचान और हत्या के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना में शामिल अपराधियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !