रांची के कचहरी चौक के पास ट्रांसजेंडर से मारपीट को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला. घटना सोमवार (9 फरवरी) की देर रात की है. जानकारी के मुताबिक, यहां कुछ अपराधिक तत्वों ने ट्रांसजेंडर से छेड़छाड़ और मारपीट की घटना को अंजाम दिया. इस दौरान एक ट्रांसजेंडर का पैर टूट गया. वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की गई, जिसमें कोतवाली डीएसपी समेत अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे. आरोपियों की पहचान इस्तियाक और गुलफाम के रूप में हुई है. पुलिस से भागते वक्त आरोपियों ने एक युवक को भी स्कॉर्पियो से कुचल दिया. पुलिस रातभर आरोपियों का पीछा करती रही.
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों का पीछा करते वक्त पुलिस ने करीब 9 राउंड फायरिंग की और उनकी गाड़ी के टायर में गोली मारी. पुलिस फायरिंग में आरोपी इस्तियाख घायल हो गया. जिसके बाद आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा. घायल आरोपी को पुलिस ने इलाज के लिए रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपियों की स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है. कार में गोली के कई निशान मिले हैं. देर रात चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे की अब काफी चर्चा हो रही है.
ये घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब झारखंड में निकाय चुनाव घोषित हो चुके हैं. इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाने के दावे किए जा रहे हैं. नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी हो इसे लेकर रांची पुलिस ने करीब 325 अपराधियों का नाम अंकित किया है.
इसमें चोरी, छिनतई, लूट के अलावा आर्मस एक्ट के मामले में जेल गए अपराधियों का नाम शामिल है. एसएसपी के निर्देश पर बनी इस सूची के आधार पर शहर के सभी डीएसपी और थानेदारों को जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है. यह कहा गया है कि अगर किसी अपराधी की गतिविधि संदिग्ध रहे तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए.
