रांची में अवैध संबंध के शक में 25 वर्षीय हरिहर महतो की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्या इतनी क्रूर थी कि शव का सिर धड़ से अलग कर कांची नदी किनारे झाड़ियों और दलदल में दबा दिया गया. हालांकि, सोनाहातू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है और आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है. बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि घटना रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र के डोमाडीह गांव की है.
जांच के दौरान मिले अहम सुराग
जानकारी के अनुसार, हरिहर महतो 31 जनवरी 2026 की शाम करीब 6:30 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. इसके बाद 3 फरवरी को परिजनों ने सोनाहातू थाना में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले. पता चला कि मृतक का गांव की ही एक शादीशुदा महिला सुलोचना देवी के साथ प्रेम संबंध था. जब इस संबंध की जानकारी महिला के पति क्षेत्रपति महतो को हुई, तो उसने पत्नी के साथ मिलकर हरिहर महतो को रास्ते से हटाने की साजिश रच ली.
हरिहर महतो को मिलने के लिए बुलाया और फिर...
प्लानिंग के हिसाब से 31 जनवरी को सुलोचना ने हरिहर को मिलने के लिए बुलाया. घात लगाए बैठे पति-पत्नी ने मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को क्षत-विक्षत कर दिया गया और सिर धड़ से अलग कर दिया और उसका गुप्तांग को भी काट दिया फिर गांव के पीछे कांची नदी किनारे झाड़ियों के बीच दलदल में दबा दिया गया. पुलिस ने जब संदिग्ध दंपति से सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कांची नदी किनारे से शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद किया है.
पुलिस को मिली सफलता
इस पूरे मामले के खुलासे में बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अहम भूमिका निभाई. वहीं, सोनाहातू थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप की तत्परता और लगातार कार्रवाई के कारण पुलिस को कम समय में बड़ी सफलता मिली. बुण्डू डीएसपी ओम प्रकाश ने बताया कि अवैध संबंध के कारण रचे गए षड्यंत्र में आरोपी दंपति और एक अन्य व्यक्ति ने इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया था. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है. बताया जा रहा है कि हरिहर महतो की शादी दो साल पहले हुई थी और उसका एक माह का बेटा भी है. इस घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
