आरा जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के सेमरांव और ध्यानी टोला के बीच कल (25 फरवरी) देर रात फेसबुक पर हुए कमेंट को लेकर एक युवक को गोली मार दी गई. जख्मी युवक को बाएं साइड गर्दन में गोली लगी है. इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसे इलाज के लिए चरपोखरी पीएचसी से सदर अस्पताल लाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया.
ओवरटेक कर मार दी गोली
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है. जख्मी चरपोखरी थाना क्षेत्र के कनई गांव निवासी जय गोपाल सिंह का 23 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार है. इधर, चंदन कुमार ने बताया कि बुधवार की रात वह बाइक द्वारा अपने गांव से गडहनी थाना क्षेत्र के लहरपा अपने दोस्त यशवंत की बारात में शामिल होने के लिए जा रहा था. उसी दौरान सेमरांव के समीप एक बाइक पर सवार कुछ युवकों ने पहले ओवरटेक किया. इसके बाद उसे गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
फेसबुक कमेंट पर हुआ था विवाद
जख्मी चंदन कुमार ने बताया कि तीन दिन पूर्व उसके ही गांव के रिश्ते में लग रहे भांजे से फेसबुक पर कमेंट में गाली देने को लेकर विवाद हुआ था. जिसको लेकर उसने उसी विवाद के कारण हथियारबंद बदमाशों द्वारा खुद को गोली मारने की आशंका जताई है. फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है. घायल को आरा सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. हालांकि पुलिस ने इस पूरे मामले पर तत्काल कुछ भी कहने से इनकार किया है.
