रांची: रांची नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है. बीजेपी समर्थित मेयर प्रत्याशी रोशनी खलको के समर्थन में आज पार्टी के दिग्गजों ने हुंकार भरी. संकल्प पत्र जारी करते हुए बीजेपी नेताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि यह चुनाव केवल शहर की सफाई का नहीं, बल्कि राज्य सरकार के 'षड्यंत्र' के खिलाफ जनता का जनादेश होगा.
1. 'सरकार की नीयत में खोट, बैलेट पेपर से साजिश'-दीपक प्रकाश
सांसद दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार डरी हुई है, इसलिए ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव करा रही है ताकि मतदान की प्रक्रिया को धीमा किया जा सके.
वोटर लिस्ट में खेल: उन्होंने दावा किया कि एक ही परिवार के लोगों को अलग अलग वार्डों में वोटर बना दिया गया है.
अधिकारियों को चेतावनी: उन्होंने अफसरों को आगाह किया कि वे सत्ता के दबाव में गलत काम न करें, वरना दिल्ली तक उनकी फरियाद की जाएगी.
2. 'अदालत के आदेश पर मजबूर हुई सरकार'-संजय सेठ
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि नगर निगम चुनाव तीन साल तक टाले गए. यह रोशनी खलको की ही हिम्मत थी कि उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और सरकार को चुनाव कराने पर मजबूर होना पड़ा.
कम वोटिंग का डर: सेठ ने कहा कि बीजेपी बाहुल्य क्षेत्रों में वोटिंग कम कराने के लिए ही जानबूझकर पुरानी पद्धति अपनाई जा रही है, लेकिन जनता इसका करारा जवाब देगी.
3. संकल्प पत्र में रांची की तस्वीर बदलने का वादा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रोशनी खलको ने रांची के विकास के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया. इसमें भ्रष्टाचार मुक्त नगर निगम, जल जमाव से मुक्ति और व्यवस्थित ट्रैफिक जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है.
