नवादा में अपराधियों के हौसले काफी बढ़े हुए नजर आ रहे हैं. ताजा मामले में बेखौफ बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाया और उससे लगभग 10 लाख रुपये की लूट लिए. जानकारी के मुताबिक, यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अकौना गांव के पास तब हुई, जब व्यवसायी ओमप्रकाश अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. पीड़ित ओमप्रकाश ने बताया कि अपराधियों ने उनके हाथ से ज्वेलरी भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए.
ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि दुकान बंद करने के बाद उनके हाथ में एक थैला था. अपराधियों ने पहले ही उनकी गाड़ी का प्लग निकाल दिया था. जब उनका बेटा प्लग लगाने के लिए पास के शोरूम में गया, तभी अचानक दो बाइक सवार अपराधी आए और उनके हाथ से थैला छीनकर भाग गए. व्यवसायी के अनुसार, अपराधियों ने उन्हें धक्का दिया और मारते हुए फरार हो गए.
लूटे गए थैले में सोना, चांदी और नकदी सहित कुल लगभग 10 लाख रुपये का सामान था. घटना स्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था. घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. स्वर्ण व्यवसायी ओमप्रकाश ने मुफस्सिल थाने में आकर पूरी घटना की जानकारी दी है. पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.
यह ओमप्रकाश के साथ हुई तीसरी बार वारदात हुई है. वह पिछले 25 वर्षों से इस क्षेत्र में सोने-चांदी का व्यवसाय कर रहे हैं. इससे पहले भी एक बार उनकी दुकान में चोरी हुई थी और एक बार ताला तोड़कर सामान चुराया गया था, लेकिन दोनों ही बार पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम रही थी. अब देखना यह है कि इस बार पुलिस इस लूट की घटना में शामिल अपराधियों को पकड़ पाती है या नहीं.
