बेगूसराय में होली के दिन (4 मार्च) डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए जातीय विवाद में जमकर मारपीट हो गई. इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 18 लोगों को गिरफ्तार किया है. पूरा मामला बेगूसराय के सिंघौल थाना क्षेत्र के रतौली गांव का है.
दो पक्षों के बीच कहासुनी
बताया जा रहा है कि होली के मौके पर डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते जातीय विवाद में बदल गई. इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चलने लगे. इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.
पुलिस ने शांत कराया मामला
सूचना मिलते ही सिंघौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में करते हुए मामला शांत कराया.वहीं, इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के करीब 100 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. साथ ही, अब तक दोनों पक्षों से 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल, पुलिस गांव में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और स्थिति अब पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है.
