ट्रक में तहखाना और उसमें 25 लाख की विदेशी शराब, पुलिस को देख तस्कर फरार

News Ranchi Mail
0

                                                                              


 बिहार में शराबबंदी के बीच तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर कानून को चुनौती दे रहे हैं. ताजा मामला बिहार के वैशाली से सामने आया है, जहां पुलिस ने एक ट्रक से करीब 25 लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद की है. खास बात ये है कि शराब को ट्रक के अंदर तहखाना बनाकर छुपाया गया था और ऊपर चूना लादकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई.शराब तस्करी का ये हाईटेक तरीका देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. मामला वैशाली जिले का है, जहां बेलसर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध ट्रक को पकड़ा.

पुलिस को सूचना मिली थी कि नगमा हनुमान चौक पर एक ट्रक कई घंटों से खड़ा है. सूचना मिलते ही बेलसर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक की तलाशी शुरू की. पहली नजर में ट्रक में चूने की बोरियां लदी हुई दिखीं, लेकिन जब पुलिस को शक हुआ और बोरियां हटाई गईं, तो नीचे बना गुप्त तहखाना देखकर सभी दंग रह गए. तहखाने में छुपाकर रखी गई थी करीब 235 कार्टन विदेशी शराब, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है.

बताया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी को दूर से देखते ही ट्रक चालक और शराब तस्कर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है.प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप पंजाब से लाई जा रही थी और मुजफ्फरपुर की ओर से वैशाली में प्रवेश किया था. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की डिलीवरी कहां होनी थी और इस नेटवर्क के पीछे कौन-सा गिरोह सक्रिय है.

बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करों के नए-नए हथकंडे पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं. हालांकि वैशाली पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है. देखना होगा कि इस तस्करी के पीछे का मास्टरमाइंड कब तक कानून के शिकंजे में आता है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !