मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव देखने को मिला. जहां अपराधियों ने एक युवक को बाजार से घर लौटने के दौरान गोली मार कर हत्या कर दी. घटना रामपुर हरि थाना क्षेत्र के कोइली भराव गांव की है. युवक की मौत के बाद परिजनो में कोहराम मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही राजद के पूर्व विधायक मुन्ना यादव समेत कई ग्रामीण SKMCH पहुंचे और मृतक के परिजनों ढांढस बंधाते रहे. पूर्व विधायक ने इस दौरान पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि बीते चार महीने में 8वीं हत्या हुई है और अबतक एक भी गिरफ्तारी नहीं हुई.
वहीं घटना के बाद रामपुर हरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस सुराग ढूंढ रही है. जानकारी के मुताबिक, रामपुर हरि थाना क्षेत्र के कोइली भराव गांव के वार्ड संख्या 2 निवासी दिनेश राय के 35 वर्षीय पुत्र रणधीर कुमार बजार से घर लौट रहा था, तभी हथियारबंद अपराधियों ने रास्ते में उसे घेर लिया और एक के बाद एक तीन गोलियां मारीं. वाकदात को अंजाम देकर अपराधी बड़े आराम से मौके से फरार हो गए. घटना के बाद घायल रणधीर को SKMCH लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. मामले को लेकर डीएसपी ईस्ट वन अलय वत्स से ने बताया कि बाजार से घर को जा रहे युवक को अपराधियों ने गोली मार दी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
वहीं एसकेएमसीएच पहुंचे मीनापुर विधान सभा के राजद के पूर्व विधायक मुन्ना यादव ने पुलिस कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि चार महीने में आठ हत्याएं हो गई और किसी भी हत्या में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि जिले में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं और आम जनता अब अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है. कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चूकी है.
