RJD नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, 'सब जानते हैं कि बिहार के चुनाव में NDA ने ये नारा दिया था कि '2025 से 30 फिर से नीतीश'. भाजपा और NDA के घटक दल जानते हैं कि किस प्रकार से तंत्र-मंत्र और पूरा सिस्टम लगाकर चुनाव हुआ. उस समय में भी हमने कहा था कि भाजपा के लोगों ने नीतीश कुमार को 'हाईजैक' कर लिया है और उन्हें दोबारा कुर्सी पर बैठने नहीं देंगे. हमने कहा था कि वे 6 महीने से ज्यादा कुर्सी पर नहीं रहेंगे. भाजपा जिसके साथ भी रही है उसे बर्बाद करने का काम किया है. भाजपा OBC, दलित और आदिवासी विरोधी पार्टी है.
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि वे(भाजपा) नहीं चाहते हैं कि बिहार में ऐसा नेता रहे जो OBC या दलित की बात करता हो, वे तो कोई 'रबड़ स्टांप मुख्यमंत्री' चाहते हैं. ये जो सत्ता परिवर्तन हो रहा है, ये जन भावनाओं के खिलाफ है. लोग भाजपा के चाल-चरित्र को जानते हैं. हमने नीतीश कुमार के साथ भी काम किया है लेकिन ज्यादातर हम विपक्ष में गए थे. 28 जनवरी 2024 में जब वे(JDU) हमारा साथ छोड़कर गए थे, तब भी हमने कहा था कि भाजपा जो है वो उन्हें समाप्त करेगी. हमारी पूरी सहानुभूति है उनके प्रति, उन्होंने बिहार की जो सेवा की, उसके लिए हम उन्हें धन्यवाद भी देना चाहते हैं.'
RJD नेता ने आगे कहा कि हमें इस बारे में पहले ही पता था. 28 जनवरी 2024 को जब हमने ये बात कही थी कि जदयू खत्म हो जाएगी लेकिन भाजपा जो 400 सीटों की बात करती थी, उसके अनुसार उनका नतीजा नहीं आया इसलिए इसमें 1 साल की देरी हो गई. नहीं तो वे पहले ही उन्हें(JDU) खत्म कर देते. उन्होंने आगे कहा कि महाराष्ट्र में जो हुआ, एकनाथ शिंदे को आगे करके भाजपा ने अपना मुख्यमंत्री बनाया. उसी नीति को उन्होंने यहां भी रिफाइंड तरीके से लागू किया.'
तेजस्वी यादव ने कहा, चुनाव में जिस तरह से उनकी जीत हुई है, धनतंत्र की, मशीनतंत्र की जीत हुई है. नीतीश कुमार ने कहा है कि वो (राज्यसभा)सदन जाना चाहते हैं. हम शरुआत से इस बात को कहते रहे हैं कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को भाजपा के लोग मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहने देंगे. आज वो बात सच हुई है. जनआकांक्षाएं इस सत्ता परिवर्तन के खिलाफ हैं. जब 2024 में नीतीश कुमार हमें छोड़कर गए थे. उस समय भी हमने यह कहा था कि भाजपा JDU पार्टी को खत्म कर देगी. भाजपा ने पूरी तरीके से नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है.'
